
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को उत्तराखंड पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पिछले करीब 25 दिनों से उनकी तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी के बाद अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साहू की गिरफ्तारी के साथ ही उनकी दिवाली जेल में ही मनने की संभावना है।
मंत्री रेखा आर्या ने बीते 15 अक्तूबर को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि साहू पहले से शादीशुदा थे, लेकिन उन्होंने शादी के समय यह बात छिपाई। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया कि शादी के बाद उन्हें लगातार प्रताड़ित किया गया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
शिकायत के मुताबिक, साहू ने कथित तौर पर धोखाधड़ी करते हुए रेखा आर्या को अपनी कंपनियों से बाहर कर दिया और इसके लिए उनके जाली हस्ताक्षर किए। इन आरोपों की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी।
एसआईटी ने मामले की जांच के दौरान गिरधारी लाल साहू के करीबियों से पूछताछ की और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली और अन्य जिलों के साथ उत्तराखंड में भी करीब 50 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
पुलिस ने साहू की तलाश में कई दिनों तक उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया। इस दौरान उनके नेपाल भागने की खबरें भी सामने आई थीं। इसके बाद पुलिस ने नेपाल की एजेंसियों से भी संपर्क किया। हालांकि, अब पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की विवेचना एसआईटी कर रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।





