
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली में पुलिस द्वारा कथित तौर पर जबरन उठाए जाने के आरोप को लेकर विरोध जताने का ऐलान किया था। इसी क्रम में शुक्रवार को परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता जौलीग्रांट एयरपोर्ट की ओर बढ़े।
कांग्रेसियों ने हाथों में काले गुब्बारे लेकर नारेबाजी की। पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट की ओर जाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर हिरासत में ले लिया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
अंकिता भंडारी के माता-पिता के मुद्दे पर जताया विरोध
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दिल्ली के राजघाट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस जबरन अपने साथ ले गई। इसी कार्रवाई के विरोध में पार्टी ने गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। कांग्रेसियों ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार के साथ इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
वीआईपी दौरे से आम जनता और व्यापारियों को परेशानी का आरोप
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने गृह मंत्री के दौरे के कारण आम जनता और व्यापारियों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के दिन मार्ग बंद किए गए हैं। उनके अनुसार, प्रशासन ने एयरपोर्ट से देहरादून जाने वाले मार्ग पर पटाखों की दुकानों को भी शाम तक बंद करा दिया है।
मोहित उनियाल ने आरोप लगाया कि इससे आम लोगों को असुविधा हो रही है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि वीआईपी दौरे के नाम पर आम जनता की सुविधा और व्यापारियों की आजीविका को किस तरह प्रभावित किया जा सकता है।
परेड ग्राउंड में जनसभा के लिए जुटे लोग
एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ता अमित शाह के दौरे का विरोध कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर परेड ग्राउंड में आयोजित भाजपा की जनसभा में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों की भीड़ जुटी। गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे।





