
देहरादून। उत्तराखंड में पुलिस और जेल विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती की उम्मीद बढ़ गई है। पुलिस मुख्यालय ने विभिन्न संवर्गों में रिक्त 1385 पदों पर सीधी भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) को प्रस्ताव भेज दिया है। इनमें 198 दरोगा और 1187 कांस्टेबलों के पद शामिल हैं। वहीं, कारागार विभाग ने भी 144 महिला और पुरुष बंदी रक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा है।
पुलिस विभाग में 1385 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव
पुलिस मुख्यालय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में सिविल पुलिस, इंटेलीजेंस, फायर सर्विस और आर्म्ड पुलिस के रिक्त पद शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति परेड के दौरान पुलिस विभाग में करीब 1500 पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय ने भर्ती के लिए आयोग को प्रस्ताव भेजा है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
प्रस्ताव में कुल 1187 कांस्टेबल और 198 दरोगा स्तर के पद शामिल हैं। हालांकि, अग्निवीरों के लिए क्षैतिज आरक्षण के प्रावधानों के तहत कुछ पदों की संख्या में बदलाव संभव है। इसलिए अंतिम रिक्तियों की संख्या भर्ती विज्ञप्ति जारी होने पर स्पष्ट होगी।
कांस्टेबल के 1187 पदों का विवरण
पुलिस विभाग में कांस्टेबल के प्रस्तावित पदों का विवरण इस प्रकार है:
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
जनपदीय पुलिस (पुरुष) – 464 पद
जनपदीय पुलिस (महिला) – 238 पद
पीएसी/आईआरबी (पुरुष) – 284 पद
फायरमैन (महिला और पुरुष) – 201 पद
इन सभी पदों को मिलाकर कांस्टेबल संवर्ग में कुल 1187 पद प्रस्तावित हैं।
198 दरोगा पदों पर भी होगी भर्ती
दरोगा संवर्ग में कुल 198 पदों का प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें अलग-अलग श्रेणियों के पद शामिल हैं:
सिविल पुलिस (महिला और पुरुष) – 93 पद
इंटेलीजेंस (महिला और पुरुष) – 19 पद
पीएसी/आईआरबी (महिला और पुरुष) – 81 पद
अग्निशमन द्वितीय अधिकारी – 5 पद
इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आयोग की ओर से आगे बढ़ाई जाएगी।
जेल विभाग में 144 बंदी रक्षकों की भर्ती
कारागार विभाग ने भी कुल 144 बंदी रक्षकों की सीधी भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजा है। विभाग के अनुसार, प्रदेश की जेलों में पुरुष बंदी रक्षकों के कुल 715 पद स्वीकृत हैं। इनमें 684 पुराने और 31 नए पद शामिल हैं। वर्तमान में 117 पद रिक्त बताए गए हैं।
वहीं, महिला बंदी रक्षकों के कुल 55 पद स्वीकृत हैं, जिनमें 30 पद रिक्त हैं। इनमें से 27 पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है। शेष तीन पद नियमानुसार अलग रखे गए हैं।
बंदी रक्षक भर्ती के लिए योग्यता और आयु सीमा
कारागार विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, बंदी रक्षक पदों के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। आयु सीमा 21 से 35 वर्ष निर्धारित बताई गई है।
अब आयोग की भर्ती विज्ञप्ति का इंतजार
पुलिस और जेल विभाग की ओर से प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अब युवाओं को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक भर्ती विज्ञप्ति का इंतजार है। आवेदन की तिथि, विस्तृत शैक्षिक योग्यता, शारीरिक मानक, चयन प्रक्रिया और आरक्षण से संबंधित जानकारी आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन शुरू होने और भर्ती की शर्तों की जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर नजर रखें।







