
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर शनिवार सुबह चीरबासा के पास मलबा और पत्थर आने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। मार्ग बंद होने के कारण केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने गौरीकुंड में ही यात्रियों को रोक दिया है। वहीं, मार्ग को सुचारू करने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मजदूरों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हुई है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
सुबह 7:22 बजे मिली मार्ग बंद होने की सूचना
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शनिवार सुबह 7:22 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड की ओर से चीरबासा में पैदल मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों को तत्काल जानकारी दी गई और मार्ग खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
चीरबासा में मलबा और पत्थर आने के कारण यात्रियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसी के तहत रास्ता सुचारू होने तक श्रद्धालुओं को गौरीकुंड में ही रुकने के निर्देश दिए गए हैं।
मलबा हटाने में जुटी लोक निर्माण विभाग की टीम
अवरुद्ध मार्ग को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मजदूरों की मदद से मलबा और पत्थर हटाने का काम कर रही है। मौके पर पुलिस बल और रेस्क्यू टीम भी मौजूद है, ताकि स्थिति पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर यात्रियों की मदद की जा सके।
फिलहाल मार्ग से मलबा हटाने का काम जारी है। रास्ता कब तक पूरी तरह खुल पाएगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
यात्रियों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्ग की निगरानी आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही है। यात्रियों से अपील की जा रही है कि मार्ग खुलने तक आगे न बढ़ें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन के अनुसार, रास्ता सुचारू होने के बाद ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे में केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को फिलहाल गौरीकुंड में इंतजार करना पड़ रहा है।






