
देहरादून। आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड द्वारा लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक मूल्यों की मजबूती और जनता के अधिकारों की आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव के नेतृत्व में ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ का आयोजन किया गया। यात्रा में प्रदेश सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज एवं प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।
लोकतंत्र बचाओ यात्रा की शुरुआत राजपुर विधानसभा क्षेत्र से हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की रक्षा और जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। यात्रा राजपुर विधानसभा से आगे बढ़ते हुए रायपुर, कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों से होकर डोईवाला पहुंची और विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हुए नारे लगाए। यात्रा में शामिल नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के अधिकारों, संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष व्यवस्था की रक्षा का नाम है।
उन्होंने कहा कि जब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े हों और जनता के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास हो, तब प्रत्येक लोकतंत्र समर्थक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह आवाज उठाए।
*अमर शहीद दुर्गमल को दी श्रद्धांजलि*
यात्रा के दौरान *प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव* ने अमर शहीद दुर्गमल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जिन वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण के लिए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लें।
प्रदेश सह प्रभारी डॉ. *युवराज भारद्वाज* ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत देश की जनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर जनता को उसके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करें और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्ष करें।
प्रदेश अध्यक्षा *उमा गौड़ सिसोदिया* ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाने के बजाय उसे सम्मान देना लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएं।
यात्रा के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ’, ‘संविधान बचाओ’ और जनता के अधिकारों की रक्षा के नारों के साथ यात्रा का समर्थन किया।
राजपुर विधानसभा से शुरू हुई लोकतंत्र बचाओ यात्रा रायपुर, कैंट, धर्मपुर और डोईवाला से होते हुए देहरादून स्थित आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल सभी वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे भी लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।
आम आदमी पार्टी *प्रदेश संगठन मंत्री ओ पी मिश्रा* ने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण का अभियान है। पार्टी आने वाले समय में भी प्रदेशभर में इस अभियान को और व्यापक रूप देने का कार्य करेगी।
इस दौरान महा सचिव श्याम बाबू पाण्डेय, युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुण्डीर, मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना, कोषाध्यक्ष शरद जैन,प्रदेश उपाध्यक्ष सुधा पटवाल, अशोक सेवाल, सी पी सिंह, जितेन पंथ शैलेश तिवारी, कमल राणा, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी जगदीश कोहली, सुधीर पंथ,महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री सभी विधान सभाओं के अध्यक्ष , जिला अध्यक्ष व बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए




