
देहरादून। उत्तराखंड के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और लंबी व मध्यम दूरी की स्टार धावक अंकिता ध्यानी को उनके शानदार खेल प्रदर्शन के लिए देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग ने राज्य के खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। दोनों खिलाड़ियों को आगामी 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। राज्य सरकार की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के क्रम में हर वर्ष विभिन्न खेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
कई खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी मिलेगा सम्मान
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी अलग-अलग पुरस्कारों के लिए चयनित किया गया है। मॉडर्न पेंटाथलॉन खिलाड़ी ममता खाती, निवासी बागेश्वर, को वर्ष 2025-26 के लिए हिमालय रत्न खेल पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। ममता खाती ने मॉडर्न पेंटाथलॉन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई है।
इसी श्रेणी में सक्षम प्रताप सिंह, निवासी काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, को भी हिमालय रत्न खेल पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं रुड़की, हरिद्वार निवासी पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और पिथौरागढ़ निवासी बॉक्सर खुशी चंद्र को भी वर्ष 2025-26 के लिए हिमालय रत्न खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
प्रशिक्षकों को भी मिलेगा प्रतिष्ठित पुरस्कार
खेल विभाग ने खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों के योगदान को भी सम्मान दिया है। रोईंग कोच मुकेश शर्मा, निवासी धर्मावाला, देहरादून को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। वहीं हल्द्वानी, नैनीताल निवासी मुकेश चंद्र बेलवाल को बॉक्सिंग के क्षेत्र में योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अलावा वर्ष 2024-25 के लिए पौड़ी गढ़वाल निवासी भारतीय धावक अंकिता ध्यानी और एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
वर्ष 2024 के हिमालय रत्न के लिए नहीं मिला आवेदन
शासन के आदेश के अनुसार वर्ष 2024 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए खेल विभाग को कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। वहीं देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार के लिए विभाग को तीन आवेदन प्राप्त हुए थे। इसी प्रकार देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पांच आवेदन विभाग के पास पहुंचे थे।
खेल पुरस्कारों की घोषणा से राज्य के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किए जाने के साथ ही प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए उनके योगदान को भी रेखांकित किया जाएगा।




