
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार देर शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईएएस और आईएफएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव कर दिया। कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। सरकार का यह कदम प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय और विभागीय कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जारी आदेशों के अनुसार प्रमुख सचिव एल. फैनई से आबकारी विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है, जबकि उनके अन्य विभाग पूर्ववत रहेंगे। सचिव नितेश कुमार झा से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग हटाकर उन्हें पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सचिव रविनाथ रमन से विद्यालयी शिक्षा विभाग वापस लेकर उन्हें परिवहन विभाग का सचिव और परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
सरकार ने सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय को उनके वर्तमान विभागों के साथ आईटी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। इसी तरह सचिव बृजेश कुमार संत से परिवहन विभाग हटाकर उन्हें आबकारी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आदेशों के अनुसार सचिव डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडेय को उनके मौजूदा विभागों के अतिरिक्त गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग का दायित्व भी सौंपा गया है।
हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने वाली सचिव ज्योति यादव की बाध्य प्रतीक्षा समाप्त करते हुए उन्हें विद्यालयी शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। सचिव युगल किशोर पंत को उनके वर्तमान विभागों के साथ सचिवालय प्रशासन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सचिव रणवीर सिंह चौहान को सचिवालय प्रशासन और गन्ना एवं चीनी विकास विभागों से मुक्त करते हुए वित्त विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते को विशेष सचिव पंचायती राज के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है, जबकि उनके अन्य विभाग पूर्ववत रहेंगे। इसके अलावा अपर सचिव अभिषेक रुहेला को उनके वर्तमान विभागों के साथ राज्य संपत्ति विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विकास कार्यों, विभागीय समन्वय और शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ संबंधित अधिकारी अब अपने-अपने विभागों में कार्यभार संभालेंगे।




