
देहरादून। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने के लिए अपनी राजनीतिक रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी अब पेपर लीक, युवाओं को रोजगार, छात्रों के हितों, मंदिरों में चढ़ावा चोरी और सरकार की कथित नीतिगत विफलताओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच उठाएगी। इसी उद्देश्य से परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण को अधिक आक्रामक स्वरूप देने का निर्णय लिया गया है।
नई दिल्ली में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित वरिष्ठ नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत 2 अगस्त से होगी। पहले चरण में पर्वतीय जिलों में ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जबकि दूसरे चरण में देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर सहित मैदानी जिलों की विधानसभा क्षेत्रों में अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि यात्रा के दौरान भाजपा सरकार को पेपर लीक प्रकरण, बेरोजगारी, छात्रों के हितों की अनदेखी, मंदिरों में चढ़ावा चोरी के आरोपों और अन्य जनसरोकारों के मुद्दों पर घेरा जाएगा। कांग्रेस का मानना है कि इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच व्यापक असंतोष है, जिसे पार्टी राजनीतिक अभियान के माध्यम से सामने लाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि पार्टी आगामी दिनों में बड़े जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में कार्यकर्ता रैली कराने की तैयारी चल रही है। पार्टी की ओर से उन्हें औपचारिक निमंत्रण दिया गया है।
इसके अलावा, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी के भी अगस्त माह में उत्तराखंड दौरे की तैयारी की जा रही है। हालांकि दोनों नेताओं के कार्यक्रम की अंतिम तिथि उनके समय मिलने के बाद तय होगी। कांग्रेस इस बार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की रैलियां पर्वतीय जिलों में आयोजित करने का प्रयास कर रही है। इससे पहले जून माह में खराब मौसम के कारण राहुल गांधी अल्मोड़ा और पौड़ी के प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाए थे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को लगातार जनता के बीच ले जाने पर भी जोर दिया गया। नेताओं का मानना है कि परिवर्तन संकल्प यात्रा पार्टी के चुनावी अभियान का महत्वपूर्ण आधार बनेगी और इसके माध्यम से सरकार की नीतियों के खिलाफ व्यापक जनमत तैयार किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, मंदिरों में चढ़ावा चोरी, युवाओं के रोजगार और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों को कांग्रेस प्रमुखता से उठाएगी। उनका दावा है कि भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस के पास पर्याप्त मुद्दे हैं और प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।




