
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 (विकास शाखा) और सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 भर्ती परीक्षा के लिए नया सिलेबस जारी कर दिया है। इस बार आयोग ने भर्ती परीक्षा को आधुनिक कृषि तकनीकों के अनुरूप तैयार करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और डिजिटल एग्रीकल्चर जैसे विषयों को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को पारंपरिक कृषि ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीकी समझ भी विकसित करनी होगी।
आयोग के अनुसार, कई भर्ती परीक्षाएं सिलेबस को अंतिम रूप न मिलने के कारण लंबित थीं। संबंधित विभागों से सुझाव प्राप्त होने और शासन की मंजूरी मिलने के बाद सहायक कृषि अधिकारी भर्ती परीक्षा का नया पाठ्यक्रम जारी किया गया है। आयोग का मानना है कि बदलते समय में कृषि क्षेत्र तेजी से तकनीक आधारित हो रहा है, इसलिए भविष्य के कृषि अधिकारियों को स्मार्ट फार्मिंग और डिजिटल तकनीकों की जानकारी होना आवश्यक है।
100 अंकों की होगी परीक्षा
यूकेएसएसएससी दो घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित करेगा, जिसमें 100 अंकों के 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए निर्धारित सिलेबस को 10 प्रमुख इकाइयों में विभाजित किया गया है, ताकि कृषि के सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों का संतुलित मूल्यांकन किया जा सके।
इन विषयों पर रहेगा विशेष फोकस
नई परीक्षा में फसलों का वैज्ञानिक उत्पादन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, फल, फूल एवं सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, हाइड्रोपोनिक्स, मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक प्रबंधन, सुदूर संवेदन, पौध संरक्षण, कीट एवं रोग प्रबंधन, रेशम एवं मधुमक्खी पालन जैसे पारंपरिक विषय शामिल रहेंगे।
इसके अलावा मेंडल के आनुवंशिकी सिद्धांत, जीआई टैग, बीज प्रौद्योगिकी, पादप कोशिका विज्ञान, पोषण, आपदा प्रबंधन, पशुपालन, दुग्ध प्रसंस्करण, कृषि अर्थशास्त्र, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, ई-नाम मंडी व्यवस्था, आधुनिक कृषि उपकरण, हरित ऊर्जा, सांख्यिकी तथा डिजिटल कृषि को भी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है।
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और कृषि में डिजिटल तकनीकों के उपयोग से जुड़े प्रश्न भी परीक्षा में पूछे जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन विषयों से संबंधित नवीनतम वैज्ञानिक प्रगति, तकनीकी बदलाव और समसामयिक घटनाओं पर आधारित प्रश्न भी परीक्षा का हिस्सा होंगे।
जल्द घोषित होगी नई परीक्षा तिथि
आयोग ने पहले सहायक कृषि अधिकारी भर्ती परीक्षा के लिए 26 जुलाई की तिथि निर्धारित की थी, लेकिन सिलेबस तय न होने के कारण परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। दो जुलाई को जारी संशोधित परीक्षा कैलेंडर में इसकी जानकारी दी गई थी। अब नया सिलेबस जारी होने के बाद अभ्यर्थियों का इंतजार परीक्षा की नई तिथि पर टिका है, जिसे आयोग जल्द घोषित करेगा। नई व्यवस्था के तहत भर्ती प्रक्रिया आधुनिक कृषि तकनीकों और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप संचालित की जाएगी।




