
देहरादून। कांग्रेस के बहुप्रतीक्षित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून पहुंचकर छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके साथ सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम के लिए बन्नू ग्राउंड को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। कांग्रेस ने इसे युवाओं और छात्रों से जुड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
कांग्रेस के अनुसार, कार्यक्रम के लिए 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। पार्टी का मानना है कि युवाओं की बड़ी भागीदारी इस कार्यक्रम को विशेष बनाएगी। संभावित भीड़ को देखते हुए संगठन ने अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जबकि सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था की कमान दिल्ली से आई विशेष टीम ने संभाल रखी है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा प्रभारी के नेतृत्व में करीब 40 से 50 सुरक्षाकर्मी कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास लगातार निगरानी कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। आयोजन के लिए लाया गया आवश्यक सामान भी स्थापित कर दिया गया है और अंतिम तैयारियां जारी हैं।
कार्यक्रम में राहुल गांधी विशेष रूप से तैयार किए गए मंच से छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके साथ संवाद करेंगे। आयोजन स्थल की क्षमता और संभावित भीड़ को देखते हुए मंच पर केवल राहुल गांधी की उपस्थिति प्रस्तावित है। छात्रों के लिए पंडाल में स्टैंडिंग व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभागी कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
कार्यक्रम के संचालन और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी कांग्रेस सेवादल को सौंपी गई है। स्वयंसेवक छात्रों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने, मार्गदर्शन देने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैनात रहेंगे। गर्मी और भीड़ को ध्यान में रखते हुए पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि कार्यक्रम में केवल पंजीकृत छात्रों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए हेल्प डेस्क और क्यूआर आधारित सत्यापन व्यवस्था बनाई गई है, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यकता पड़ने पर कार्यक्रम स्थल पर भी पंजीकरण संबंधी सहायता उपलब्ध रहेगी।
वरिष्ठ नेताओं के लिए मंच के समीप अलग बैठक व्यवस्था की गई है। यहां केंद्र और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा अन्य आमंत्रित अतिथियों के लिए पास जारी किए गए हैं। बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति को इस क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
कांग्रेस इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के बीच शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक रणनीति को भी मजबूती देने की तैयारी में है।




