
देहरादून: देहरादून के लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के समीप स्थित घने जंगल में रास्ता भटक जाने से पांच महिलाओं की जान जोखिम में पड़ गई। समय पर सूचना मिलने के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घने जंगल के बीच लगभग 12 किलोमीटर पैदल चलाकर किया गया यह रेस्क्यू अभियान कई घंटों तक चला।
एसडीआरएफ के अनुसार, डीसीआर देहरादून और हर्रावाला पुलिस चौकी से सूचना मिली कि लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के आसपास जंगल में पांच महिलाएं रास्ता भटक गई हैं। काफी प्रयासों के बावजूद वे स्वयं सुरक्षित बाहर नहीं निकल पा रही थीं। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी शैलेंद्र रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। घने जंगल, फिसलन भरे रास्ते और कठिन पहाड़ी भूभाग के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद टीम ने लगभग 12 किलोमीटर तक पैदल सर्च ऑपरेशन जारी रखा और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश करती रही।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने जंगल के भीतर फंसी सभी पांच महिलाओं का सुरक्षित पता लगा लिया। उनकी स्थिति का प्राथमिक आकलन करने के बाद उन्हें पैदल ही सुरक्षित जंगल से बाहर लाया गया। इसके बाद सभी महिलाओं को रोड हेड तक पहुंचाकर हर्रावाला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी महिला के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि समय पर मिली सूचना, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के कारण सभी महिलाओं को सुरक्षित बचाया जा सका। उन्होंने लोगों से अपील की कि जंगल, ट्रैकिंग मार्गों या पर्वतीय क्षेत्रों में जाते समय केवल निर्धारित रास्तों का ही उपयोग करें, अकेले जाने से बचें तथा मौसम और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या एसडीआरएफ को सूचना देने की भी सलाह दी गई है।




