
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब में ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत (उत्तराखंड) की ओर से आयोजित भव्य दायित्व ग्रहण समारोह में समाजसेवी एवं अधिवक्ता पं. मनमोहन शर्मा को संगठन का उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रारंभ हुए समारोह में देश के प्रतिष्ठित संतों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में समाजसेवियों और गौसेवकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और समाजहित में मनमोहन शर्मा के योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी गौ पुत्र धर्मदास जी महाराज तथा कार्यक्रम अध्यक्ष श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर शिवानंद महाराज के सान्निध्य में ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत के राष्ट्रीय महासचिव रवि शर्मा ने मनमोहन शर्मा को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष का नियुक्ति-पत्र सौंपा। समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां प्रदान कीं। मानवाधिकार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश ने उन्हें राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया, जबकि ग्लोबल वार्मिंग ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष सिंह ने उन्हें उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया। वहीं स्वाभिमान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिट्टू भट्ट ने भी मनमोहन शर्मा को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।
मुख्य अतिथि स्वामी गौ पुत्र धर्मदास जी महाराज ने विश्वास व्यक्त किया कि मनमोहन शर्मा के नेतृत्व में उत्तराखंड में गौसेवा और गौसंरक्षण के कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग दोहराते हुए कहा कि यदि इस दिशा में शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम अध्यक्ष स्वामी शिवानंद महाराज ने अपने संबोधन में राम मंदिर, भारतीय संस्कृति और सामाजिक नैतिक मूल्यों के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में नैतिकता, सेवा और संस्कारों को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट पं. मनमोहन शर्मा ने अपने संबोधन में संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य समाजसेवा, गौसेवा, मानवाधिकार संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए धरातल पर सक्रिय रूप से कार्य करना है। उन्होंने कहा कि संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
राष्ट्रीय महासचिव रवि शर्मा ने ‘घर-घर गौसेवा’ का संदेश देते हुए कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले यूथ रेडक्रॉस के वरिष्ठ रक्तदाता तथा फेडरेशन ऑफ ब्लड डोनर ऑर्गेनाइजेशंस ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अनिल वर्मा को 155 बार स्वैच्छिक रक्तदान करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डॉ. वर्मा ने सम्मान के लिए स्वामी धर्मदास जी महाराज, स्वामी शिवानंद महाराज तथा मनमोहन शर्मा सहित आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा, योगेंद्र शंकर, कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, डॉ. आर.पी. भारद्वाज, मोनिका, नीलम शर्मा, योगेंद्र खंडूजा, सुनील, रामप्रसाद उपाध्याय, सुधीर वर्मा, उमाशंकर शर्मा, सावित्री शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, गौसेवक और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन एडवोकेट मनमोहन शर्मा ने किया। उन्होंने सभी संतों, अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए समाजसेवा, गौसंरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में व्यापक जनसहभागिता का आह्वान किया।




