
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित सिविल लाइंस क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर मुस्ताहकम गांव में मोहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे मातमी जुलूस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने जुलूस की दिशा में ईंट-पत्थर फेंक दिए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारी पुलिस बल मौके पर भेजा, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर मुस्लिम समुदाय की ओर से दिनभर विभिन्न स्थानों पर मातमी जुलूस निकाले जा रहे थे। रात करीब नौ बजे टोडा गांव का जुलूस रामलीला ग्राउंड पहुंचा, जहां पारंपरिक मातमी प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान अचानक किसी व्यक्ति ने जुलूस की ओर ईंट-पत्थर फेंक दिए। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोगों में रोष फैल गया।
बताया गया कि घटना स्थल हिंदू बहुल क्षेत्र होने के कारण संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में पथराव की घटना के बाद कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
घटना के बाद पूरे गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति पैदा न हो। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति शराब के नशे में था और उसने जुलूस की ओर ईंट फेंक दी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया। फिलहाल क्षेत्र में पूरी तरह शांति है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मोहर्रम के शेष कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है।




