
बड़कोट (उत्तरकाशी)। चारधाम यात्रा के तहत Yamunotri Dham पहुंचे मध्य प्रदेश के एक श्रद्धालु की शनिवार को मौत हो गई। श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 61 वर्षीय हरिमोहन अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आए थे। यात्रा के दौरान जानकीचट्टी क्षेत्र में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और वह अचेत हो गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. अखिल राणा के अनुसार, हरिमोहन को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि उनकी मौत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की मौत के मामलों में यह एक और दुखद घटना है। अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर अब तक 14 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो चुकी है। अधिकांश मामलों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, उम्रजनित बीमारियां और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की परिस्थितियां प्रमुख कारण मानी जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग लगातार यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले स्वास्थ्य जांच कराने, पर्याप्त आराम करने, पानी पीते रहने और किसी भी प्रकार की अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दे रहा है। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।





