
चमोली: चारधाम यात्रा मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं को झकझोर दिया। गौचर ग्राउंड के समीप एक अनियंत्रित बस की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश की एक बुजुर्ग महिला तीर्थयात्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर बस को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के पचोखरा गांव निवासी 67 वर्षीय राजकुमारी पत्नी शशिकांत शर्मा अपने परिजनों के साथ 15 मई को चारधाम यात्रा पर निकली थीं। श्रद्धालुओं का दल ऋषिकेश से बस के माध्यम से बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था। बुधवार सुबह जब यात्रियों की बस गौचर क्षेत्र के पास पहुंची, उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए महिला को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला दाहिना टायर महिला के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज मानवेंद्र गुसाईं पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल प्राथमिक चिकित्सालय गौचर पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद यात्रा मार्ग पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया। मृतका के परिजन भी घटना से बदहवास नजर आए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटना में शामिल बस का चालक मितेश कुमार मोदी गुजरात के मेहसाना जिले का निवासी है। प्राथमिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही, संकरे रास्ते और लगातार बढ़ती भीड़ के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद दोनों बसों में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बसों की व्यवस्था कर सुरक्षित बदरीनाथ धाम के लिए रवाना किया गया। प्रशासन ने मृतका के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिलाया है।




