
देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में सक्रिय कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस पार्टी जिस सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहेगी, वह उसी सीट से मैदान में उतरेंगे। फिलहाल प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के साथ सीट चयन को लेकर चर्चा जारी है और अगले दस दिनों के भीतर अंतिम निर्णय होने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि वह पूरी मजबूती और ऊर्जा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व यह तय करेगा कि उन्हें किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहिए, ताकि कांग्रेस को अधिकतम राजनीतिक लाभ मिल सके।
रावत ने बताया कि इस विषय पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह के साथ लगातार चर्चा चल रही है। पार्टी यह आकलन कर रही है कि उनकी उम्मीदवारी किस क्षेत्र में कांग्रेस को अधिक मजबूती दे सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का जो भी निर्णय होगा, वह उसे पूरी निष्ठा के साथ स्वीकार करेंगे।
हरक सिंह रावत ने संकेत दिए कि सहसपुर, धर्मपुर और कोटद्वार समेत कई सीटों पर उनकी राजनीतिक तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और समर्थक अलग-अलग क्षेत्रों से चुनाव लड़ने का सुझाव दे रहे हैं। कुछ लोग उन्हें केदारनाथ और टिहरी से चुनाव लड़ने की सलाह भी दे रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में उत्तराखंड दौरे पर आई कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भी उनसे जल्द सीट तय करने को कहा है। पार्टी संगठन चाहता है कि संभावित प्रत्याशी समय रहते अपने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाएं और चुनावी रणनीति पर काम शुरू करें।
हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को पूरी गंभीरता के साथ लड़ने जा रही है। पार्टी प्रदेश में जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाएगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और आने वाले समय में पार्टी मजबूत तरीके से चुनावी मैदान में दिखाई देगी।




