
नानकमत्ता/ऊधम सिंह नगर: ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चंपावत निवासी एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार, चंपावत जिले के माडली निवासी 41 वर्षीय संजय पांडे राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में शिक्षक के पद पर तैनात थे। मंगलवार को वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ हल्द्वानी नई कार खरीदने गए थे। देर रात दोनों नई कार लेकर वापस घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि नानकमत्ता के पास उनकी कार की सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी बाल-बाल बच गए।
पुलिस के अनुसार, फॉर्च्यूनर में सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार एक अन्य व्यक्ति की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजे गए हैं।
मृतक शिक्षक संजय पांडे अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में उनकी पत्नी, तीन बच्चे, माता-पिता और दादी हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जैसे ही हादसे की सूचना गांव और विद्यालय में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि संजय पांडे शिक्षा के साथ-साथ भजन गायकी से भी जुड़े हुए थे और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन पर स्थानीय लोगों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।




