
देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में ऑपरेशन सिन्दूर दिवस के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा को 155 बार रक्तदान करने के लिए “ऑपरेशन सिन्दूर सम्मान” से नवाजा गया।
बताया गया कि डॉ. वर्मा ने पहली बार 9 दिसंबर 1971 को भारत-पाक युद्ध के दौरान मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून में भर्ती घायल सैनिकों के लिए एनसीसी के अंडर ऑफिसर के रूप में अपने 150 कैडेटों के साथ रक्तदान किया था। इसके बाद से उन्होंने लगातार समाज सेवा की भावना के साथ रक्तदान अभियान जारी रखा और अब तक 155 बार रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की है। समारोह में मेजर प्रेमलता वर्मा को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने एनसीसी के माध्यम से अनेक छात्राओं को सेना, वायुसेना और अन्य राष्ट्रीय सेवाओं में उच्च पदों तक पहुंचने के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा दी है। वहीं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पर्यावरणविद् जगदीश बाबला को वृक्षारोपण और हरित अभियान में विशेष योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जस्टिस राजेश टंडन रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य डॉ. गीता खन्ना और राज्यमंत्री विनय कुमार रोहिल्ला उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व नौसेना अधिकारी एवं दून डिफेंस एकेडमी के निदेशक संदीप गुप्ता, पूर्व डिप्टी सर्वेयर जनरल ब्रिगेडियर केजी बहल, पूर्व नेवल ऑफिसर अशोक वर्मा, साइफर कोर ऑफ सिग्नल्स के पूर्व साईफर ऑफिसर रमेश बलूनी, पूर्व नौसेना अधिकारी एवं एचआईएचटी के डिप्टी चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर चंद्र अंथवाल, पूर्व सैन्य अधिकारी बीपी शर्मा, समाजसेवी सोनिया आनंद, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अकील खान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुलिस्तां खानम, संरक्षक डॉ. बीडी शर्मा और फ्यूचर एरा स्कूल के डायरेक्टर शाहिद अली शामिल रहे।
सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से डॉ. अनिल वर्मा को सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। इस अवसर पर डॉ. अनिल वर्मा ने सम्मान के लिए एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अकील खान सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा ऑपरेशन सिन्दूर थीम पर आधारित प्रस्तुतियां और सेल्फ डिफेंस का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का संचालन तमन्ना और जोया ने संयुक्त रूप से किया।




