
देहरादून: उत्तराखंड में तेजी से विकसित हो रही सड़क कनेक्टिविटी का असर अब साफ नजर आने लगा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली दौरे से लौटते समय दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उपयोग करते हुए मात्र ढाई घंटे में देहरादून पहुंचकर इस बदलाव को ‘उत्कृष्ट उदाहरण’ बताया। उन्होंने कहा कि पहले जहां इस यात्रा में कई घंटे लग जाते थे, वहीं अब आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते समय में भारी कमी आई है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए कहा कि देशभर में सड़कों और परिवहन सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसका सीधा लाभ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को मिल रहा है, जहां पहले दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यात्रा कठिन मानी जाती थी।
उन्होंने बताया कि दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर केवल यात्रा को आसान नहीं बना रहा, बल्कि यह राज्य के आर्थिक विकास का भी मजबूत आधार बन रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही निवेशकों के लिए भी उत्तराखंड एक आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं चारधाम यात्रा सहित अन्य प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच को और अधिक सुगम बनाएंगी। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने इस एक्सप्रेसवे को ‘नए भारत की नई रफ्तार’ बताते हुए कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे के जरिए उत्तराखंड को विकास की मुख्यधारा में तेजी से जोड़ा जा रहा है। आने वाले समय में इस प्रकार की परियोजनाएं राज्य के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।




