
आगरा: जिले के पिनाहट थाना क्षेत्र के भदरौली गांव में एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब जयमाला कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने अचानक तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना से मौके पर मौजूद मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि बांके बिहारी मैरिज होम में राजवीर की दो बेटियों की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इस समारोह में राजस्थान के राजाखेड़ा से बारात आई हुई थी। रात में जैसे ही जयमाला की रस्म शुरू हुई, उसी दौरान फरेरा निवासी बृजेश (30) ने जोश में आकर तमंचा निकाल लिया और फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान निकले छर्रे दिल्ली से आई शिक्षिका तरुण लता (42) और एक किशोरी योगिता के पैरों में जा लगे, जिससे दोनों घायल हो गईं। गोली चलते ही पूरे मैरिज होम में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में भय में बदल गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन और अन्य लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को नहर भट्टे के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






