
नैनीताल: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार छात्राओं का दबदबा देखने को मिला, जहां गीतिका पंत और सुशीला मेहंदीरत्ता ने 98.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया।
दूसरे स्थान पर आर्यन रहे, जिन्होंने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, तीसरे स्थान पर वंशिका ने 97.00 प्रतिशत अंकों के साथ जगह बनाई। इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में कुल 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 85,499 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। इस वर्ष कुल परीक्षाफल 85.11 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.88 प्रतिशत अधिक है।
परिणामों के विश्लेषण में सामने आया कि बालिकाओं का प्रदर्शन बालकों से बेहतर रहा। जहां बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09% रहा, वहीं बालकों का पास प्रतिशत 81.93% दर्ज किया गया। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 85.93% और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 61.48% रहा।
श्रेणीवार परिणाम में प्रथम श्रेणी में 41.32% परीक्षार्थी सफल रहे, जबकि द्वितीय श्रेणी में 34.82% और तृतीय श्रेणी में 0.32% छात्र उत्तीर्ण हुए। 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 7,814 रही, जो कुल का 7.77% है। जिला स्तर पर बागेश्वर ने 94.81% परिणाम के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं, प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची (टॉप 25%) में 105 विद्यार्थियों ने जगह बनाई।
इस बार का परिणाम न केवल बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है, बल्कि छात्राओं की बढ़ती शैक्षणिक उपलब्धियों को भी उजागर करता है, जो प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।




