
उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के तहत यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान लगातार दूसरी मौत ने प्रशासन और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। बड़कोट क्षेत्र के जानकीचट्टी में देर रात मध्य प्रदेश के इंदौर से आई एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय प्रतिभा मिश्रा यात्रा के दौरान अचानक अचेत हो गईं। उन्हें तत्काल जानकीचट्टी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. हरदेव सिंह पंवार के अनुसार, महिला को अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थीं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि यह दो दिनों में दूसरी मौत है। इससे पहले महाराष्ट्र के नासिक निवासी 65 वर्षीय उदय गजानन तांबे की भी जानकीचट्टी में ही मौत हो गई थी। उन्हें भी अचेत अवस्था में स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। चारधाम यात्रा के शुरुआती दिनों में ही इस तरह की घटनाएं सामने आने से प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सांस लेने में दिक्कत, थकान और अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के मामले आम होते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच कराने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है।
प्रशासन ने भी यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें, किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और बिना तैयारी के कठिन यात्रा मार्ग पर आगे न बढ़ें।




