
देहरादून: उत्तराखंड में नए शैक्षणिक सत्र के साथ ही शिक्षा विभाग ने सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। इस संबंध में शिक्षा सचिव रविनाथ रामन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब प्रदेशभर के स्कूल गर्मियों और सर्दियों के लिए अलग-अलग समय सारणी के अनुसार संचालित होंगे।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
नई व्यवस्था के तहत गर्मियों में सभी स्कूल सुबह 7:45 बजे खुलेंगे। प्रार्थना सभा का समय सुबह 7:45 से 8:05 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसके बाद पहला पीरियड 8:05 से 8:45 बजे तक चलेगा। स्कूल की छुट्टी दोपहर 2:05 बजे कर दी गई है। इस बदलाव का उद्देश्य गर्मी के मौसम में बच्चों को राहत देना और पढ़ाई के समय को व्यवस्थित करना बताया गया है।
वहीं सर्दियों के मौसम में स्कूलों का समय थोड़ा देर से रखा गया है। सर्दियों में स्कूल सुबह 8:50 बजे खुलेंगे और प्रार्थना सभा 8:50 से 9:10 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद नियमित कक्षाएं संचालित होंगी और स्कूल की छुट्टी दोपहर 3:10 बजे होगी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
शिक्षा विभाग के अनुसार, समय सारणी में यह आंशिक संशोधन छात्रों और शिक्षकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जबकि अन्य सभी नियम और व्यवस्थाएं पहले की तरह लागू रहेंगी।
हालांकि, इस नए समय निर्धारण को लेकर शिक्षक संगठनों ने आपत्ति भी जताई है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि गर्मियों में स्कूल समय में एक घंटे से अधिक की बढ़ोतरी की गई है, जो खासकर मैदानी क्षेत्रों के छात्रों के लिए उपयुक्त नहीं है। उनका तर्क है कि पर्वतीय क्षेत्रों में बच्चे कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचते हैं, ऐसे में लंबे समय तक स्कूल में रहना उनके लिए कठिन हो सकता है।
फिलहाल, सरकार द्वारा जारी इस नई समय सारणी को लागू कर दिया गया है, लेकिन इसे लेकर शिक्षकों और अभिभावकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।





