
हरिद्वार: जनपद के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने युवती से मारपीट और उसका मोबाइल फोन छीनने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी एक युवती जमालपुर क्षेत्र स्थित राम वाटिका में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रही है। युवती ने गैस प्लांट चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसके गांव का रहने वाला सुजीत वर्मा अचानक जमालपुर चौक के पास मिला और उससे विवाद करने लगा। आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस टीम बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची। यहां बाउंड्री वॉल के पीछे एक खाली मैदान में युवक का शव पड़ा मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने अपने पास मौजूद अवैध पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल बरामद कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवती के साथ हुए विवाद, धमकी और युवक के आत्मघाती कदम के बीच संबंधों को विस्तार से खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे अन्य कोई कारण तो नहीं है।




