
देहरादून: जिज्ञासा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन द्वारा मंगलवार को “भारत में बदलता मीडिया परिदृश्य: चुनौतियां, अवसर और नवाचार” विषय पर राष्ट्रीय मीडिया कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से जुड़े मीडिया विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों ने भाग लेकर मीडिया के वर्तमान और भविष्य पर गहन मंथन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) गोविंद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज मीडिया तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की ओर बढ़ रहा है, जिससे सूचना के प्रसार की गति में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। हालांकि, इसके साथ ही फेक न्यूज और विश्वसनीयता की चुनौती भी गंभीर रूप से उभर कर सामने आई है। उन्होंने मीडिया संस्थानों से तकनीकी नवाचार अपनाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि प्रो. (डॉ.) इरफान खान और मनीष रस्तोगी ने छात्रों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य को समझना आज के युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के आधार पर अपने करियर का निर्माण करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) शंकर रामामूर्ति ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक दौर में एआई ने कंटेंट निर्माण को अधिक तेज, सटीक और प्रभावी बना दिया है। उन्होंने बताया कि एआई रचनात्मकता को नई दिशा देने के साथ मीडिया और संचार के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है। स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के डीन प्रो. (डॉ.) सुरेश चंद्र नायक ने मीडिया एथिक्स, लोकतंत्र और सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कॉन्क्लेव के दौरान आयोजित पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने डिजिटल मीडिया ट्रेंड्स, कंटेंट क्रिएशन और एआई के प्रभाव पर विस्तार से विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि आज के दौर में प्रिंट और टीवी मीडिया भी तेजी से डिजिटल परिवर्तन के दौर से गुजर रहे हैं और सभी माध्यमों का एकीकरण आवश्यक हो गया है। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। साथ ही मीडिया क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले मीडियाकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में रजिस्ट्रार इंचार्ज डॉ. योगेश नंदा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संयोजन नवनीश भारद्वाज एवं राहुल गैरोला ने किया, जबकि संचालन सोनिया चमोली द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के डीन, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





