
ऊधमसिंह नगर। Shakti Farm क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सुरेंद्र नगर गांव की रहने वाली 32 वर्षीय रीना अपने घर में फंदे पर लटकी हुई मिलीं। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि उसका पति बाजार गया हुआ था, जबकि सास भी घर पर मौजूद नहीं थी और तीनों बच्चे बाहर खेल रहे थे। जब बच्चे शाम के समय घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर बच्चों ने दूसरे कमरे से झांककर देखा, तो उनकी मां फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी।
यह दृश्य देखकर बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर महिला को नीचे उतारा और तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला चिकित्सालय सितारगंज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि रीना को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था और इसी कारण उसकी मौत हुई है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रीना अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।





