
बंगापानी (पिथौरागढ़)। उत्तराखंड के Pithoragarh जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बंगापानी-मदकोट मार्ग पर उस समय हुआ जब मुनस्यारी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के अनुसार चार युवक इनोवा कार से Munsiyari की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार Bangapani से करीब एक किलोमीटर पहले एन बैंड के पास पहुंची, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। खाई में गिरी कार से युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान लक्ष्मण सिंह नेगी पुत्र राम सिंह नेगी निवासी धूरातोली मुनस्यारी (हाल निवासी जीआईसी पिथौरागढ़) और अंकित पांडे (27) पुत्र बसंत पांडे निवासी दौला, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की एएमसी में तैनात था। हादसे में गंभीर रूप से घायल आयुष पंत पुत्र नरेंद्र पंत और देवेश पंत को पहले स्थानीय वाहनों से अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया। बाद में 108 Ambulance Service की मदद से उन्हें District Hospital Pithoragarh भेजा गया। हालांकि रास्ते में Askot के पास आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या तीन हो गई।
देवेश पंत का उपचार अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ।




