
बागपत | उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की माता कॉलोनी में नशे के अवैध कारोबार का विरोध करना एक दंपती के लिए भारी पड़ गया। गांजा बेचने से रोकने पर एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर दंपती के घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में पति और पत्नी दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शकील के अनुसार, उनके पड़ोस में रहने वाला एक हिस्ट्रीशीटर लंबे समय से अपने घर से गांजा बेचने का काम कर रहा है। आरोप है कि उसके घर पर दिनभर नशे के आदी लोगों का आना-जाना लगा रहता है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि इन नशेड़ियों द्वारा कई बार क्षेत्र की महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
बताया गया कि शनिवार शाम गली में कुछ नशेड़ी बैठकर हंगामा कर रहे थे। जब शकील ने इसका विरोध किया तो कुछ देर बाद उनके बेटे सुहेब के साथ मारपीट कर दी गई। शोर सुनकर शकील अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे और उसे घर के अंदर ले आए।
पीड़ित का आरोप है कि इसके कुछ समय बाद हिस्ट्रीशीटर अपने तीन-चार साथियों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आया। आरोपियों ने आते ही शकील पर हमला कर दिया। इस दौरान शकील के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
हमले के दौरान शकील की पत्नी नसरीन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस हमले में नसरीन भी घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की कोशिश की तो हिस्ट्रीशीटर ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। इससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद स्थानीय लोग भी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तीन-चार वीडियो सौंपे। इन वीडियो में कथित तौर पर हिस्ट्रीशीटर के घर के बाहर उसके बच्चे गांजा बेचते हुए दिखाई दे रहे हैं। पड़ोसियों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस को ऐसे वीडियो और शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो इस तरह की घटना नहीं होती। अब लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले में जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।





