
जालंधर | पंजाब के जालंधर शहर में देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। संतोषपुरा इलाके में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक डॉक्टर के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना रात करीब 1:40 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे और पहले घर के बाहर खड़ी कार पर गोलियां चलाईं। इसके बाद उन्होंने मकान की ओर रुख कर करीब 10 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। उस समय डॉक्टर अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। गनीमत रही कि इस हमले में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं, जिनकी पहचान करने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी जयंत पुरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से गोलियों के कई खोल बरामद किए हैं।
परिवार के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में न तो रंगदारी की मांग और न ही किसी पुरानी रंजिश की पुष्टि हुई है। स्थानीय पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि उन्हें रात करीब दो बजे डॉक्टर का फोन आया, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर को भी दे दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि संबंधित डॉक्टर पिछले लगभग 20 वर्षों से क्षेत्र में प्रैक्टिस कर रहे हैं और उनकी छवि एक सम्मानित चिकित्सक की रही है। ऐसे में बिना किसी स्पष्ट कारण के हुई इस फायरिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखा जा सके।







