
देहरादून ( उत्तराखंड) टिहरी में 6 से 9 मार्च तक टिहरी लेक फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ करेंगे। फेस्टिवल टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पयर्टन विकास परिषद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल के अनुसार चार दिन के इस आयोजन के दौरान टिहरी जिले के प्रमुख केंद्रों पर विभिन्न तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। टिहरी लेक फेस्टिवल का उद्देश्य टिहरी जिले को प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाते हुए, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन करना है. उन्होने बताया कि इस दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के साथ ही स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए फैशन शो, फोटोग्राफी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
फेस्टिवल में मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग, रैप सिंगिग सहित अन्य कई प्रकार की प्रतियोगिताओं को आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्रथम विजेता एक लाख रुपए तक का पुरस्कार जीत सकता है. इसी तरह दूसरे स्थान पर आए विजेता को 50 हजार, तीसरे स्थान के विजेता को 25 हजार रुपए का पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही पांच- पांच हजार के 10 सांत्वना सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।




