
रुड़की | रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब खेलते समय हुए झगड़े में 12 वर्षीय बालक की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पनियाला चंदापुर गांव में सोमवार दोपहर क्षेत्र के बच्चे आंबेडकर पार्क में खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक नाबालिग ने भानू (12) पुत्र बालेंद्र के सिर पर डंडे से वार कर दिया। वार लगते ही अन्य बच्चे मौके से भाग गए।
घायल भानू किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को सिर पर डंडा लगने की जानकारी दी, जिसके तुरंत बाद वह बेहोश हो गया। घबराए परिजन उसे बीएसएम तिराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भी नाबालिग है।
इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस घटना ने एक बार फिर बच्चों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मामूली विवाद का इस तरह जानलेवा रूप ले लेना समाज और अभिभावकों दोनों के लिए चेतावनी है। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।




