
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर प्रदेश की राजनीति और प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार इस संवेदनशील मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने घोषणा की कि वह जल्द ही अंकिता के माता-पिता से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे और जांच की दिशा, अपेक्षाओं तथा उनकी भावनाओं को गंभीरता से सुनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसे न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मामले को राजनीतिक हथियार बनाकर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे किसी भी तरह के भ्रम या अफवाहों से दूर रहें और जांच एजेंसियों पर भरोसा रखें।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो से प्रदेश में जिस तरह का वातावरण बनाया गया है, उससे सबसे अधिक पीड़ा अंकिता के परिवार को हो रही है। ऑडियो की सत्यता की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है। यदि जांच में कोई नया तथ्य या ठोस सबूत सामने आते हैं तो किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने बताया कि इस जघन्य अपराध की निष्पक्ष जांच के लिए महिला आईपीएस अधिकारी रेणुका देवी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई थी। इस जांच के आधार पर सरकार ने न्यायालय में सशक्त पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। निचली अदालत से लेकर उच्चतम न्यायालय तक ने जांच प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया है, जो इसकी निष्पक्षता को प्रमाणित करता है।
वहीं, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी और कोई ठोस प्रमाण सामने आया, तो सरकार सीबीआई जांच कराने से भी पीछे नहीं हटेगी। मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी जनभावनाओं का हवाला देते हुए कहा कि यदि जनता की मांग होगी, तो मुख्यमंत्री निश्चित रूप से उस पर विचार करेंगे।
सरकार का कहना है कि लोकतंत्र में विरोध और आंदोलन स्वाभाविक हैं, लेकिन संवेदनशील मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सबसे बड़ा दायित्व है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई में सरकार पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेगी।




