
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एक से 14 नवंबर तक रजत जयंती पखवाड़ा मनाएगी। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नौ नवंबर को देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राज्य स्थापना दिवस का केक काटा जाएगा और आतिशबाजी की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने प्रेसवार्ता में बताया कि पार्टी ने रजत जयंती वर्ष को राज्य निर्माण आंदोलन की भावना के अनुरूप मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि एक नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित वरिष्ठ नेता कचहरी स्थित शहीद स्थल पर पहुंचकर राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देंगे। दो नवंबर को प्रदेश के सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में विकास गोष्ठियां आयोजित करेंगे, जिनमें राज्य की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक स्थिति पर चर्चा होगी। तीन नवंबर को जिला कांग्रेस कमेटियां जिला अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित करेंगी और विचार गोष्ठियां आयोजित करेंगी।
तीन और चार नवंबर को विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक प्रदेश के जन मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। पांच नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत संयुक्त रूप से पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करेंगे। छह नवंबर को रामपुर तिराहा कांड में शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। सात नवंबर को कांग्रेस मुख्यालय में विचार सम्मेलन होगा, जबकि आठ नवंबर को राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नौ नवंबर को कांग्रेस मुख्यालय में केक काटा जाएगा और आतिशबाजी की जाएगी। इसके बाद 11 से 14 नवंबर तक प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं में “जय उत्तराखंड, जय भारत तिरंगा यात्रा” निकाली जाएगी। इस यात्रा के दौरान जनता से संवाद कर राज्य की वर्तमान स्थिति और भावी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल और श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल भी उपस्थित रहे।




