
ऊधम सिंह नगर। सितारगंज से एकबार फिर शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन वर्षीय मासूम के साथ पवित्र स्थल पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी नाबालिग को संरक्षण में लिया है।
सोमवार को सितारगंज निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि छह सितंबर की शाम को जब वह मंदिर में गया तो देखा कि पूजा का सारा सामान बिखरा है। शक होने पर उसने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। सीसीटीवी कैमरा देखने पर एक लड़का एक छोटी लड़की के साथ मंदिर के अंदर प्रवेश करते हुए दिखाई दिया।
फिर लड़के ने पवित्र स्थल के अंदर रखी पूजा की सामग्री को खुर्द-बुर्द किया। थोड़ी देर बाद लड़का उस छोटी लड़की के साथ दुष्कर्म करता हुआ दिखाई दिया। आरोपी और पीड़ित दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं और सितारगंज के ही रहने वाले हैं। ये अक्सर खेलने के लिए मंदिर में आते हैं।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित मासूम के अलावा आरोपी भी नाबालिग है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। साथ ही आरोपी नाबालिग पर केस दर्ज कर उसे संरक्षण में लिया गया है।