मंडी (हिमाचल प्रदेश ): मंडी जिले में एक बार फिर बरसात ने तबाही मचाई है। कई जगह भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गए, जिससे आवागमन ठप्प हो गया है।
हिमाचल प्रदेश के अनेक जिलों में कल रात से ही मूसलाधार बरसात हो रही है। जगह-जगह बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। लोगों के घरों में अंदर तक पानी भर जाने से हालात और भी ज्यादा बिगड़ चुके हैं। कुछ स्थानों पर बीती रात और आज सुबह हुई भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई। यहां कुछ स्थानों पर फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आई हैं।
पनारसा, टकोली और नगवाईं में फ्लैश फ्लड के कारण काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। ऊपर पहाड़ी पर जमकर हुई बारिश के कारण बहुत सा मलबा बहकर हाईवे तक आ पहुंचा जिससे कई घरों में पानी और मलबा घुसने के साथ ही कई वाहन भी इसकी चपेट में आ गए हैं।
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे इस मलबे के कारण यातायात के लिए बाधित हो गया है। हालांकि हाईवे पर अन्य स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं जिस कारण भी हाईवे यातायात के लिए बंद हुआ है।
फ्लैश फ्लड के कारण ज्यादा नुकसान पनारसा, टकोली और नगवाईं में देखने को मिल रहा है। प्रशासन की टीमों ने तुरंत प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं औट सारानाला के पास फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी के कार्यालय के साथ बहते नाले ने भी रौद्र रूप धारण कर दिया। इस कारण कंपनी के कार्यालय की सुरक्षा दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। जब यहां नाले ने अपना रौद्र रूप दिखाया तो यहां रह रहे कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई।
मंडी के एएसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के मंडी-कुल्लू खंड पर स्थित पनारसा, टकोली और नागवाईं क्षेत्रों में आज अचानक बाढ़ आने की कई घटनाएं सामने आईं हैं।