
सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी फूफा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीड़ित किशोरी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। म्योरपुर थाना क्षेत्र निवासी कक्षा-सात में पढ़ने वाली पीड़िता की मां की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। 25 मार्च को उसकी सौतेली मां और पिता सब्जी बेचने के लिए म्योरपुर बाजार गए थे। किशोरी अपने घर पर ही मौजूद थी।
शाम सात बजे के करीब रिश्ते में चचेरा फूफा लगने वाला एक युवक उसके घर पहुंचा। मिठाई देने के बहाने उसे अपने घर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत पर पिता की हत्या की धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। इस बीच पीड़िता की तबीयत भी खराब रहने लगी। परिजन गांव की ही एक क्लीनिक पर उसका उपचार करा रहे थे। कुछ दिनों पूर्व भी आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद उसे पेट में तेज दर्द व रक्तस्राव शुरू हुआ तो परिजन घबरा गए। किशोरी की सगी मौसी को घर बुलाया। काफी प्रयास के बाद पीड़िता ने उन्हें घटना की जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज किया था। तब से वह फरार चल रहा था। बुधवार की सुबह आरोपी को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।