
हल्द्वानी | हल्द्वानी शहर में लगातार चार दिन से उमस भरी गर्मी पड़ रही है और दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार को भी दिन भर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेचैन किया। राहत की बात यह है कि दो दिन बाद प्री मानसून शुरू हो रहा है और मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 20 जून से उत्तराखंड में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी।
पंतनगर कृषि विवि के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरके सिंह ने बताया कि 11 जून दोपहर तक गर्मी रहेगी, रात से मौसम बदल जाएगा। 12 से 14 जून तक प्री मानसून की बारिश रहेगी। इस समय नमी 36 प्रतिशत पहुंच चुकी है और पूर्वी हवाएं चलने से उमस बढ़ रही है।
हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 28.6 डिग्री रहा, जो देहरादून से अधिक है। देहरादून में अधिकतम 38.7 और न्यूनतम 25.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 26.2 और न्यूनतम 15.8 डिग्री रहा।
नैनीताल में भी तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह हल्के बादल थे लेकिन दोपहर में तेज धूप के चलते गर्मी अधिक महसूस हुई। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।