
मैनपुरी। कस्बा कुरावली की रहने वाली युवती ने प्रेम विवाह से नाखुश ससुरालीजन पर पति को अगवा कर हत्या करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को सदर कोतवाली में ससुर सहित अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
कुरावली क्षेत्र के गांव साकिन निवासी शिवानी ने बताया कि 18 फरवरी को बौद्ध धर्म के अनुसार बौद्ध मंदिर मैनपुरी में कौशलेंद्र निवासी अजमतपुर थाना मऊदरवाजा फतेहगढ़ जनपद फर्रुखाबाद के साथ शादी की थी। कौशलेंद्र ने अपने परिजन की मर्जी के खिलाफ उनसे प्रेम विवाह किया था। इस बात से घरवाले नाखुश थे।
जब शादी की खबर कौशलेंद्र के घरवालों को मिली तो ससुर ओमप्रकाश, पंकज, विनीता, हरीश दो अन्य लोगों के साथ मंदिर के बाहर आ गए। जबरन उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए पति को जीप में डाल कर अगवा कर ले गए। इस घटना के बाद पति का मोबाइल लगातार बंद जा रहा है। जब पति के बारे में जानकारी लेनी चाही तो उन्हें कुछ भी नहीं बताया गया।
उन्होंने अंदेशा जताया कि ससुरालीजन ने अपनी प्रतिष्ठा की वजह से पति की हत्या कर दी है। जब थाने में शिकायत दी तो पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है।