
बरेली। बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर दो युवक उसका अपहरण कर ले गए। रातभर सीबीगंज क्षेत्र के दो गांवों में रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। सुबह उनके चंगुल से छूटी युवती ने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि 31 मई की रात वह पिता की दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया। उसके मुंह पर एक कपड़ा रख दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे पता लगा कि आरोपियों ने उसे सीबीगंज क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार के घर रखा है। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी उसे दूसरे गांव ले गए। वहां भी दुष्कर्म किया। सुबह होने पर वह जैसे-तैसे उनके चंगुल से छूटकर भागी। परिजनों का कहना है कि आरोपियों के परिजनों से शिकायत की गई तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।