
देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने धनोल्टी तहसील में तैनात नाजिर विरेंद्र सिंह कैंतुरा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसारए आरोपी नाजिर ने एक पीड़ित व्यक्ति से भूमि की दाखिल खारिज प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इस रिश्वतखोरी की शिकायत विजिलेंस से की। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम लीए उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी नाजिर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
विजिलेंस विभाग की यह कार्रवाई राज्य में सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अहम कदम मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे अन्य भ्रष्ट अधिकारियों को भी सख्त संदेश मिलेगा।