
बरेली। बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में जंगली सूअर का शिकार करने के लिए खेत में लगाया गया देसी बम फटने से एक महिला झुलस गई। वह घास काट रही थी। इसी दौरान उसका हंसिया देसी बम पर लग गया, जिससे वह फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। घायल महिला को उठाकर घर ले गए। परिजनों ने उसका उपचार कराया।
थाना हाफिजगंज के गांव साबरखेड़ा निवासी झाझन लाल की पत्नी मीरा ने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे खेत की तरफ घास लेने गई थी। वह पूर्व प्रधान अशफाक के खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान हंसिया लग जाने के कारण वहां रखा देसी बम फट गया। बहुत तेज धमाका हुआ। इससे वह घायल होकर वहीं गिर गई।
धमाके की आवाज सुनकर किसान मौके पर पहुंचे। घायल महिला को उठाकर उसे घर पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि जंगली सूअर व अन्य जानवरों का शिकार करने के लिए शिकारी देसी बम के साथ कुछ खाने की चीज लगा देते हैं। जब जानवर बम के साथ लगी खाने वाली चीज को खाता है तो बम उसके पेट में फट जाता है और वहीं गिर जाता है। शिकारी उसे उठा ले जाते हैं।
वनकर्मी अकबर अली ने बताया कि शिकारी लोग जंगली सूअर का शिकार करने के लिए जंगलों में गुड़ के साथ देसी बम को लगाते हैं। जब सूअर गुड़ के साथ बम को खा लेता है तभी फटने से सूअर मर जाता है। बम लगाने वाले शिकारियों की तलाश की जा रही है। उधर, इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।