
देहरादून। आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार द्वारा बैणी-भुली योजना के अंतर्गत प्रदेश की लगभग 5.23 लाख महिलाओं को ₹10,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा पर सवाल उठाते हुए इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश बताया है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
आम आदमी पार्टी के कोषाध्यक्ष शरद जैन का कहना है कि भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में युवाओं को पर्याप्त रोजगार देने, बेरोजगारी की समस्या दूर करने और अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। अब जब सरकार के पास जनता को बताने के लिए अपनी उपलब्धियां नहीं हैं, तो चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खातों में धनराशि भेजकर उनके वोट प्रभावित करने की रणनीति अपनाई जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर होती, तो उसे चुनाव से कुछ महीने पहले इस प्रकार की घोषणाएं करने की आवश्यकता क्यों पड़ती? महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्थायी रोजगार, स्वरोजगार के अवसर, सुरक्षित कार्यस्थल, शिक्षा और उद्यमिता को बढ़ावा देने की ठोस व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
आम आदमी पार्टी का स्पष्ट कहना है,कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति भी गंभीर चिंता का विषय है। हाल ही में देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में कूड़े के ढेर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। हल्द्वानी में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। वहीं पौड़ी गढ़वाल के कोटड़ीधांग गांव में चारा लेने गई महिला की गुलदार के हमले में मौत हो गई। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष प्रदेश में गुलदार के हमलों में कम से कम 18 और बाघों के हमलों में पांच लोगों की जान जा चुकी है।
ये घटनाएं महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय करने की आवश्यकता को दर्शाती हैं।
शरद जैन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के खातों में ₹10,000 भेजने की घोषणा तो कर रही है, लेकिन जिन परिवारों की बेटियां और महिलाएं अपराध का शिकार हुई हैं, उन्हें न्याय दिलाने, दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने और महिलाओं को भयमुक्त वातावरण देने के लिए सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए हैं?
उन्होंने कहा कि चुनाव से ठीक पहले 5 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा और इसे चुनाव से पहले गेम चेंजर बताना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि इस योजना का उद्देश्य वास्तविक आर्थिक सशक्तिकरण है, तो सरकार को इसकी पारदर्शी पात्रता, बजट, लाभार्थियों के चयन और दीर्घकालिक रोजगार परिणामों का विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।
पार्टी निर्वाचन आयोग से भी मांग करती है कि इस घोषणा और चुनाव से पहले इसके क्रियान्वयन की निष्पक्ष जांच की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं सरकारी धन और योजनाओं का इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने या आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए तो नहीं किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण किसी चुनावी प्रलोभन का विषय नहीं है। उत्तराखंड की माताओं और बहनों ने राज्य निर्माण से लेकर प्रदेश के विकास तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका वोट किसी आर्थिक सहायता की कीमत पर नहीं खरीदा जा सकता।
भाजपा सरकार को समझना होगा कि लोकतंत्र में जनता को आर्थिक घोषणाओं से प्रभावित करने के बजाय अपने काम का हिसाब देना पड़ता है। आम आदमी पार्टी इस पूरे मामले को जनता के बीच उठाएगी और बैणी-भुली योजना की आड़ में होने वाली कथित चुनावी राजनीति का पर्दाफाश करेगी।
महिलाओं को ₹10,000 की सहायता से अधिक जरूरी है सम्मान, सुरक्षा, न्याय और स्थायी रोजगार। लोकतंत्र में वोट जनता का अधिकार है, किसी सरकार की खरीद-फरोख्त का साधन नहीं।





