
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने सम्मिलित राज्य सिविल (अवर) अधीनस्थ सेवा परीक्षा यानी लोअर पीसीएस 2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके तहत प्रदेश में विभिन्न विभागों के कुल 54 पदों पर भर्ती की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया छह नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
लोअर पीसीएस भर्ती के तहत नायब तहसीलदार, आबकारी निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, कर अधिकारी और गन्ना विकास विभाग के पद शामिल हैं।
पदों का विवरण इस प्रकार है:
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
| पदनाम | पदों की संख्या |
|---|---|
| नायब तहसीलदार | 13 |
| आबकारी निरीक्षक | 04 |
| पूर्ति निरीक्षक | 02 |
| विपणन निरीक्षक | 20 |
| श्रम प्रवर्तन अधिकारी | 05 |
| कर अधिकारी | 05 |
| ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक | 01 |
| गन्ना विकास निरीक्षक | 04 |
| कुल पद | 54 |
26 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन छह नवंबर से शुरू हो चुके हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए अभ्यर्थियों को तीन दिसंबर से 12 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 166.36 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 76.36 रुपये शुल्क देना होगा।
19 शहरों में होगी प्रारंभिक परीक्षा
लोअर पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा प्रदेश के 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चंपावत, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, खटीमा, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग शामिल हैं।
प्रारंभिक परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी। इसमें 150 सवाल पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा।
मुख्य परीक्षा 600 और इंटरव्यू 75 अंकों का
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। मुख्य परीक्षा में कुल चार प्रश्नपत्र होंगे। पहला प्रश्नपत्र भाषा और सामान्य हिंदी का होगा, जो 100 अंकों का होगा। दूसरा प्रश्नपत्र निबंध का होगा, जिसके लिए 100 अंक निर्धारित हैं।
तीसरा प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन-प्रथम का होगा, जो 200 अंकों का होगा। चौथा प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन-द्वितीय का होगा और इसके लिए भी 200 अंक निर्धारित किए गए हैं। इस तरह मुख्य परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी। इसके बाद 75 अंकों का इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
पीसीएस-जे परीक्षा का परिणाम भी जारी
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार शाम पीसीएस-जे परीक्षा का परिणाम भी जारी किया। इसमें वंशिका गहलोत ने पहला स्थान प्राप्त किया है। परीक्षा में कुल आठ अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिनमें सात बेटियां शामिल हैं।





