
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद गृह मंत्री हेलिकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हुए।
अमित शाह का देहरादून दौरा दो प्रमुख कार्यक्रमों पर केंद्रित रहा। सबसे पहले उन्होंने परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में शिरकत की और जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद उनका पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है, जहां वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे। यह सम्मान प्रदेश पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि और गौरव का अवसर माना जा रहा है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री धामी समेत नेताओं ने किया स्वागत
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करने वालों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा कुसुम कंडवाल, संजय नेगी, आदेश सैनी, विश्वास डाबर, डॉ. देवेंद्र भसीन, चारु माथुर कोठारी, आदित्य कोठारी, संपूर्ण सिंह रावत और बलजीत सोनी सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
राज्योत्सव समारोह में जुटे भाजपा नेता और कार्यकर्ता
परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है और आने वाले पांच वर्षों में इन प्रयासों को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड देश का पांचवां पूर्ण साक्षर राज्य बन गया है।
इस अवसर पर सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा सहित कई नेता मौजूद रहे। भाजपा संगठन की ओर से सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल और दीप्ति रावत भारद्वाज भी कार्यक्रम में पहुंचे।
पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर
परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के बाद अमित शाह पुलिस लाइन रेसकोर्स पहुंचेंगे। यहां आयोजित समारोह में वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे। यह सम्मान पुलिस बल की सेवाओं और उपलब्धियों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इससे प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ेगा।
35 से 40 हजार लोगों के पहुंचने का भाजपा ने किया दावा
भाजपा ने गृह मंत्री की जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई थी। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने पार्टी मुख्यालय में तैयारियों की जानकारी देते हुए दावा किया कि देहरादून की जनसभा में 35 से 40 हजार लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और राज्य के विकास तथा स्थानीय लोगों के कल्याण से जुड़े विषयों पर उनका मार्गदर्शन मिलता रहा है।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने भी कहा कि जनता गृह मंत्री के विचार सुनने के लिए उत्सुक रहती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गृह मंत्री का दौरा प्रदेश के विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण संदेश देगा।
इस बीच, अमित शाह के दौरे के दौरान प्रस्तावित भाजपा कोर कमेटी की बैठक किन्हीं कारणों से स्थगित कर दी गई।





