
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के साथ राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला तेज होने लगा है। अब चुनावी रणनीति केवल रैलियों, जनसभाओं और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सोशल मीडिया भी राजनीतिक लड़ाई का अहम मैदान बन गया है। इसी कड़ी में भाजपा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को प्रचार का नया माध्यम बनाया है।
सत्ताधारी भाजपा मैदान से लेकर मोबाइल तक कांग्रेस की घेराबंदी करने में जुटी है। भाजपा उत्तराखंड के सोशल मीडिया हैंडल से ‘कांग्रेस का बिग बॉस’ नाम से सिलसिलेवार AI वीडियो जारी किए जा रहे हैं। इन वीडियो में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को निशाने पर लिया गया है। पार्टी की इस डिजिटल रणनीति के जरिये सोशल मीडिया पर राजनीतिक नैरेटिव बनाने की कोशिश की जा रही है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
दरअसल, कांग्रेस प्रदेश में न्याय यात्रा, भूमि बचाओ अभियान और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सरकार के खिलाफ मैदान में सक्रिय है। वहीं, भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ यात्रा चलाई जा रही है। इसी राजनीतिक गतिविधि के बीच भाजपा के सोशल मीडिया पेजों पर ‘कांग्रेस का बिग बॉस’ नाम से AI वीडियो की एक नई श्रृंखला सामने आई है।
AI वीडियो में कांग्रेस नेताओं को दिखाया जा रहा आपस में उलझते
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
इन वीडियो में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत, गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत और प्रीतम सिंह को बिग बॉस जैसे रियलिटी शो के अंदाज में दिखाया गया है। वीडियो में नेता एक-दूसरे से भिड़ते, कुर्सियां खींचते और आपसी खींचतान करते नजर आते हैं। हालांकि, ये वास्तविक घटनाओं की फुटेज नहीं, बल्कि AI तकनीक की मदद से तैयार किए गए वीडियो हैं।
रियलिटी शो की तर्ज पर राजनीतिक प्रचार
AI वीडियो में बिग बॉस के बैकग्राउंड म्यूजिक, तेज सायरन और नाटकीय आवाजों का इस्तेमाल किया गया है। कांग्रेस नेताओं के चेहरों को एनिमेट कर इस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे पार्टी के भीतर नेतृत्व और आपसी खींचतान का संदेश देने की कोशिश दिखाई देती है।
राजनीतिक संचार से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर छोटे वीडियो तेजी से लोगों तक पहुंचते हैं। लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस और भाषणों की तुलना में 30 सेकंड की रील अधिक लोगों का ध्यान खींच सकती है। ऐसे में राजनीतिक दल AI आधारित वीडियो और मीम के माध्यम से अपने संदेश को मनोरंजक अंदाज में जनता तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप
भाजपा के AI वीडियो अभियान पर कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा देशव्यापी आंदोलन बन चुका है और इससे भाजपा बौखलाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रेखा-गिरधारी प्रकरण के साथ भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं।
धस्माना ने खनन, आबकारी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को प्रदेश के प्रमुख मुद्दे बताते हुए कहा कि भाजपा के पास इन सवालों का जवाब नहीं है। उनके अनुसार, अब भाजपा इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक प्रचार की सीमाएं लांघ रही है।
उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के प्रचार से प्रभावित नहीं होने वाली और प्रदेश में बीते दस वर्षों के शासन का जवाब जनता देगी। इस तरह आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में राजनीतिक मुकाबला अब सड़कों के साथ-साथ सोशल मीडिया और AI वीडियो के जरिये भी आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।





