
मसूरी। जॉर्ज एवरेस्ट में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले बुधवार को मसूरी का राजनीतिक माहौल गरमा गया। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच सड़क पर जमकर नारेबाजी हुई और एक-दूसरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर भाजपा के खिलाफ सड़क पर उतरे। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए, जिससे कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विरोध और जवाबी नारेबाजी का सिलसिला चलता रहा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को अलग किया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, जॉर्ज एवरेस्ट में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले हुए इस घटनाक्रम ने मसूरी में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
दोनों प्रमुख दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद क्षेत्र में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हुए इस विरोध ने स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।





