
कोटद्वार। पौड़ी जिले के भाबर क्षेत्र स्थित जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चाय की दुकान के पास बारिश से बचने के लिए खड़े दो लोग अचानक विशाल पेड़ की चपेट में आ गए। हादसे में हल्दूखाता निवासी 55 वर्षीय विक्रम उर्फ खटमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशनपुर निवासी 45 वर्षीय दलीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
बारिश से बचने के लिए दुकान के पास खड़े थे दोनों
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश हो रही थी। इसी दौरान विक्रम और दलीप बारिश से बचने के लिए एक चाय की दुकान के समीप खड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज अंधड़ आया और पास में खड़ा विशाल पेड़ गिर गया। दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे पेड़ की चपेट में आ गए।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल
हादसे में हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55), पुत्र छज्जू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं किशनपुर निवासी दलीप (45), पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया राहत-बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
टीम ने पेड़ की चपेट में आए घायल दलीप को बाहर निकाला और उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। तेज अंधड़ और बारिश के दौरान हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना ने खराब मौसम के दौरान पेड़ों के आसपास खड़े होने से जुड़े जोखिम को भी सामने ला दिया है।







