
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण धाम और आसपास की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। शुक्रवार को भी केदारनाथ में बर्फबारी जारी रही। चारों ओर फैली सफेद बर्फ के बीच बाबा केदार का धाम बेहद आकर्षक नजर आ रहा है। खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।
बर्फबारी के बीच दर्शन कर रहे श्रद्धालु
केदारनाथ धाम में मौसम की चुनौतियों के बावजूद भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बर्फ से ढकी चोटियों और धाम के मनमोहक नजारे को देखकर यात्री मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। ठंड बढ़ने और लगातार मौसम खराब रहने के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
धाम में लगातार गिरते तापमान को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
निचले इलाकों में भी बदला मौसम
शुक्रवार सुबह से रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में भी मौसम खराब बना रहा। जिला मुख्यालय के साथ गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में आसमान बादलों से ढका रहा। कुछ क्षेत्रों में सुबह हल्की बारिश भी हुई। मौसम में बदलाव और ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
18.60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 29 अक्तूबर को 7,328 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 18,60,360 हो गई है।
बर्फबारी के बीच केदारनाथ धाम का मनमोहक दृश्य यात्रियों को आकर्षित कर रहा है। हालांकि, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए श्रद्धालुओं को प्रशासन की सलाह का पालन करते हुए ही यात्रा करने की जरूरत है।






