
कर्णप्रयाग (चमोली)। उत्तराखंड के चमोली जिले में खच्चर संचालकों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। कर्णप्रयाग थाना क्षेत्र के सेमी गांव में बृहस्पतिवार रात हुई मारपीट में उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी 27 वर्षीय युवक सुमित की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमी गांव में घोड़े-खच्चर का संचालन करने वाले दो लोगों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान बिजनौर निवासी सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही कर्णप्रयाग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में विवाद के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ और मारपीट किन परिस्थितियों में जानलेवा बनी।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस ने दबिश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता फरार आरोपी का पता लगाना और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करना है।





