
देहरादून। जिले की कालसी तहसील क्षेत्र के कचटा गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पाठल से वारकर हत्या कर दी। घटना बृहस्पतिवार की है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी पति मनोज मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची राजस्व पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया पाठल बरामद कर लिया है। आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
कमरे में विवाद के बाद बरामदे में किया हमला
नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल के अनुसार, मनोज मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार दोपहर वह भोजन करने के लिए घर आया था। उस समय वह दो मंजिले मकान की निचली मंजिल के कमरे में पत्नी नीलम के साथ था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया कि झगड़े के बाद नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकली। उसकी आवाज सुनकर आरोपी की बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। इसी दौरान मनोज भी कमरे से बाहर आया और बरामदे में नीलम को पकड़ लिया।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
आरोप है कि मनोज ने वहां रखे तेजधार पाठल से नीलम पर कई वार किए। हमले में उसकी गर्दन, पीठ और बगल पर गंभीर चोटें आईं। चोटों के कारण नीलम की मौके पर ही मौत हो गई।
शोर सुनकर पहुंचे परिजन, आरोपी फरार
घटना के समय आरोपी की मां घर के पास खेत में काम कर रही थी। शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी अपने छोटे बेटे संजय को दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पाठल बरामद कर लिया है।
दो वर्ष पहले हुआ था विवाह
मृतका नीलम लखवाड़ क्षेत्र के धींगा गांव की रहने वाली थीं। उनका विवाह करीब दो वर्ष पहले मनोज से हुआ था। दंपती की कोई संतान नहीं थी।
नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल के अनुसार, आरोपी के भाई संजय की शिकायत पर हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण घरेलू विवाद माना जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।





